पूजा-पाठ और शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 85 लाख की ठगी, इंदौर से आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग जिले में एक महिला से पूजा-पाठ के जरिए पारिवारिक समस्याएं दूर करने और शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 85 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान पीड़ित महिला की मुलाकात आरोपी पवन बधोरिया से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने पूजा-पाठ के माध्यम से समस्याएं दूर करने का दावा किया। इसके बाद उसने पूजा-पाठ, निजी जरूरतों और शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर अलग-अलग किस्तों में महिला से करीब 85 लाख रुपये ले लिए।
करीब दो वर्ष बीतने के बाद भी महिला को न तो कोई लाभ मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। जब उसने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोपी ने पहले नौकरी लगवाने का झांसा दिया और बाद में जान से मारने की धमकी देकर पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 351(3) और 308(3) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने इंदौर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बैंक खाते से लिंक मोबाइल फोन और आधार कार्ड जब्त किए गए हैं। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

