Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

साय कैबिनेट में पीएम मोदी के अभिनंदन का प्रस्ताव पारित, मुख्यमंत्री ने गिनाईं 25 साल की उपलब्धियां

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभिनंदन का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री साय ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा के साथ मीडिया से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ रहने, दीर्घायु होने और लंबे समय तक देश की सेवा करते रहने की कामना की।

गुजरात के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक का सफर

सीएम साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। वे लगातार 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और इस दौरान गुजरात विकास मॉडल को देशभर में पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा की।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में नए, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। उनकी दूरदृष्टि, परिश्रम और मेहनत के परिणामस्वरूप देश ने कई क्षेत्रों में प्रगति की है। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में मिली सफलता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ नई रणनीति के साथ अभियान चलाया गया। उन्होंने नक्सलवाद को छत्तीसगढ़ के विकास में बड़ी बाधा बताते हुए कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद इसके खिलाफ लड़ाई को गति मिली है।

साय के मुताबिक, राज्य की पुनर्वास नीति के कारण 4,000 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।

केंद्रीय कर में राज्यों की हिस्सेदारी बढ़ने का जिक्र

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय करों में राज्यों की हिस्सेदारी बढ़ाकर 42 प्रतिशत की गई, जिससे राज्यों को विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन गरीबों की सेवा के लिए समर्पित रहा है। केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों तक पक्के मकान, बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं।

धारा 370 और तीन तलाक का किया उल्लेख

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाया गया। उन्होंने तीन तलाक की प्रथा समाप्त किए जाने को भी केंद्र सरकार के प्रमुख फैसलों में शामिल किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ को तीन लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को बढ़ावा मिला है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास पर भी जोर दिया गया है।

साय ने बताया कि रायपुर से धनबाद तक छह लेन का हाईवे विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को गति मिली है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button