समर्थक छोटू सिंह की गिरफ्तारी पर अपनी ही पार्टी पर भड़के अनंत सिंह, नीरज कुमार को लेकर उठाए सवाल

पटना। बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों के लिए मतदान के बीच जेडीयू विधायक अनंत सिंह अपने समर्थक छोटू सिंह की गिरफ्तारी को लेकर अपनी ही पार्टी पर भड़क गए हैं। उन्होंने पार्टी के नेता नीरज कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें कभी कुछ नहीं कहा गया, जबकि उन्होंने कई बार पार्टी के नेताओं का विरोध किया है।
अनंत सिंह ने कहा, “वो सरकार हैं और उन्होंने अत्याचार किया है। मैं उनका नेता था, फिर भी मेरी ओर से नीरज को एक बार भी कुछ नहीं कहा गया। उन्होंने चार बार चुनाव लड़ा और हमने चारों बार उनका विरोध किया। हमने बीच-बीच में ललन सिंह का भी विरोध किया, लेकिन पार्टी ने तब भी कुछ नहीं कहा।”
नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज उम्मीदवार को अनंत सिंह का समर्थन
दरअसल, बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों के लिए मतदान जारी है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र इस चुनाव में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यहां जेडीयू उम्मीदवार नीरज सिंह के खिलाफ जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह चुनाव मैदान में हैं। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह ने अनुज सिंह को समर्थन दिया है।
अनुज सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार करने वाले जेडीयू के निष्कासित नेता छोटू सिंह को शुक्रवार को पुलिस ने हिरासत में लिया। उनकी गिरफ्तारी को लेकर अनंत सिंह ने अपनी नाराजगी जाहिर की। मतदान के बीच उन्होंने कहा कि जनता ही असली मालिक है।
तेजस्वी यादव का दावा- हम हर सीट जीत रहे हैं
इस बीच, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव को लेकर जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी को सभी सीटों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और वे लगातार चुनावी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल पैसे, राजनीतिक मशीनरी और प्रशासन के जरिए चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन कोशिशों का कोई फायदा नहीं होगा और सत्ताधारी दल की हार का काउंटडाउन शुरू हो चुका है।
मोकामा में मतदान से पहले दो पक्षों में झड़प
मोकामा में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान से पहले दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। मतदान शुरू होने से ठीक पहले हुए इस हंगामे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और घटना में शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मतदान केंद्र के आसपास जेडीयू और जन सुराज पार्टी के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में झड़प में बदल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों के लिए हो रहे मतदान के बीच राजनीतिक बयानबाजी और समर्थकों के बीच तनाव ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है।



