Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में फिर भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प, स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं को दिया संगठन विस्तार का मंत्र

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन पार्टी की बैठकों में संगठन की मजबूती और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह दो दिवसीय चिंतन आत्ममंथन करने, प्राथमिकताएं तय करने और भाजपा के मूल संकल्प को दोहराने का अवसर है।

‘छत्तीसगढ़ में फिर बनाएंगे भाजपा की सरकार’

स्मृति ईरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर गहरा विश्वास जताया है, जो पार्टी के लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार प्रत्येक बूथ तक करना होगा और जनता के भरोसे को बनाए रखना होगा।

उन्होंने कहा, “हम सबके पराक्रम और परिश्रम से फिर से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनाएंगे। यह हम सबका संकल्प है।”

‘कर्मयोगी कार्यकर्ता ही हमारी असली पूंजी’

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती का आधार है। पार्टी की रीति-नीति ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ की भावना से जुड़ी है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति का उत्थान करना है।

उन्होंने अनुशासन को भाजपा की पहचान बताते हुए कहा कि पद और जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं, लेकिन कार्यकर्ता संगठन की स्थायी पूंजी होता है। सार्वजनिक जीवन में सादगी को भी महत्वपूर्ण बताया।

सोशल मीडिया के साथ सीधा जनसंपर्क जरूरी

स्मृति ईरानी ने कहा कि तकनीक और सोशल मीडिया के दौर में डिजिटल संवाद जरूरी है, लेकिन यह जमीनी संपर्क का विकल्प नहीं हो सकता। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और पारा-टोला तक पहुंचकर लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याएं सुनना और उनके समाधान तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं का दायित्व है। जब कार्यकर्ता आम लोगों के बीच सादगी से बैठता है, तब संगठन एक परिवार की तरह मजबूत होता है।

किरण देव बोले- संगठन की दृष्टि से अहम रहीं बैठकें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने दो दिवसीय बैठकों के बाद कहा कि स्मृति ईरानी के प्रवास के दौरान पार्टी को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला। प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू ने विभिन्न सत्रों में लगभग 12 श्रेणियों की बैठकें लीं। इनमें संगठन की रणनीति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

कांग्रेस पर साधा निशाना

किरण देव ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह पार्टी की बैठकों को लेकर भ्रामक प्रचार कर रही है और काल्पनिक कहानियां गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई कथित टिप्पणी की भी निंदा की और कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषायी मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर

बैठक के दौरान ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान की समीक्षा भी की गई। किरण देव ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं और छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितैषी योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से आम लोगों तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button