Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

एसपी के बेटे के हाथ में सर्विस गन, हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल; भूपेश बघेल और विधायक मंडावी ने उठाए सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विजयादशमी के दौरान शस्त्र पूजन और हर्ष फायरिंग को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। राजनांदगांव की एसपी अंकिता शर्मा के शस्त्र पूजन कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग का मामला चर्चा में है। इसी बीच मोहला-मानपुर के एसपी यशपाल सिंह और उनके बेटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उनका बेटा सर्विस गन हाथ में लिए नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

भूपेश बघेल ने सरकार से पूछे सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार से सवाल किया कि यदि कानून के रखवाले ही नियमों का उल्लंघन करेंगे, तो जनता की सुरक्षा कौन करेगा?

उन्होंने सवाल उठाया कि एसपी के बेटे को हर्ष फायरिंग की अनुमति किस आधार पर दी गई और क्या इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कोई कार्रवाई हुई है।

विधायक इंदर शाह मंडावी ने की जांच की मांग

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के विधायक इंदर शाह मंडावी ने भी वायरल फोटो और वीडियो पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने पूछा कि क्या एसपी के बेटे को हर्ष फायरिंग करने की अनुमति थी और क्या कानून सभी के लिए समान रूप से लागू होता है।

विधायक के मुताबिक, उन्होंने इस मामले में आईजी अजय यादव से बातचीत की। आईजी ने उन्हें बताया कि वायरल वीडियो पिछले साल का है। मंडावी ने कहा कि वीडियो पिछले साल का हो या इस साल का, उसकी सत्यता की जांच होनी चाहिए और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। विधायक ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, डीजीपी और आईजी को पत्र भेजा गया है।

आईजी अजय यादव ने बताया पुराना वीडियो

इस मामले में आईजी अजय यादव ने लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत में वायरल वीडियो को पुराना बताया। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल इस संबंध में उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है।

फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रही गतिविधियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले में आगे की स्थिति जांच और संबंधित अधिकारियों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button