Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

दुर्ग में कारोबारी गुलशन बघेल के घर ED की छापेमारी खत्म, मोबाइल-लैपटॉप जब्त; पूछताछ के लिए बुलाया

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबारी गुलशन बघेल के निवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी समाप्त हो गई है। मंगलवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच की और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की प्रतियां अपने साथ ले गए। इसके अलावा मोबाइल फोन और लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं। कारोबारी को आगे की पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय बुलाया गया है।

ऋषभ सिटी स्थित घर पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम मंगलवार सुबह दुर्ग के ऋषभ सिटी स्थित गुलशन बघेल के निवास पर पहुंची थी। कार्रवाई में करीब 10 अधिकारी शामिल थे। टीम ने घर में मौजूद दस्तावेजों की गहन जांच की और चल-अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां अपने कब्जे में लीं।

कार्रवाई पूरी होने के बाद टीम वहां से रवाना हो गई। अब गुलशन बघेल से ईडी कार्यालय में पूछताछ की जाएगी।

सातवीं मंजिल पर पेंटहाउस, पार्किंग में लग्जरी गाड़ियां

बताया जा रहा है कि गुलशन बघेल का ऋषभ सिटी की सातवीं मंजिल पर आलीशान पेंटहाउस है। उनके पार्किंग परिसर में मर्सिडीज, रेंज रोवर और फॉर्च्यूनर जैसी लग्जरी गाड़ियां भी मिलीं।

शराब और कोयला घोटाले से जुड़े लेनदेन की जांच की आशंका

सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सामने आए कथित शराब और कोयला घोटाले से जुड़े पैसों के कारोबारी गतिविधियों में इस्तेमाल की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, छापेमारी के कारणों और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों को लेकर ईडी की ओर से अब तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

गुलशन बघेल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम पर कथित उगाही के आरोपों को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। इन आरोपों की स्थिति और मौजूदा कार्रवाई से उनके संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रायपुर में भी ईडी की टीम ने दी दबिश

दुर्ग के साथ राजधानी रायपुर में भी मंगलवार सुबह ईडी की कार्रवाई हुई। टीम पंडरी क्षेत्र के रवि नगर स्थित सुशील विला पहुंची और वहां दस्तावेजों सहित अन्य पहलुओं की जांच की। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी।

फिलहाल दुर्ग में गुलशन बघेल के निवास पर छापेमारी पूरी हो चुकी है। आगे की जांच और पूछताछ के बाद ही कार्रवाई से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आ सकेगी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button