बेटे को बचाने की कोशिश में 23वीं मंजिल से गिरे पिता, दोनों की मौत; बालकनी में फूल तोड़ते समय हुआ हादसा

नोएडा। नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी में शुक्रवार तड़के दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की 23वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। दोनों बालकनी में पूजा के लिए फूल तोड़ रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण फर्श गीली होने से बेटे का पैर फिसल गया और वह रेलिंग से नीचे लटक गया। उसे बचाने की कोशिश में पिता का भी संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर गए।
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके बेटे आरव के रूप में हुई है। रणदीप दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ बिसरख थाना क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसाइटी के टावर-23 में रहते थे।
खाटू श्याम जाने से पहले तोड़ रहे थे फूल
पुलिस के मुताबिक, परिवार शुक्रवार को खाटू श्याम मंदिर जाने की तैयारी कर रहा था। वहां दर्शन और पूजा के साथ जमीन की रजिस्ट्री का भी कार्यक्रम था। परिवार ने अपने फ्लैट की बालकनी में कई पौधे लगा रखे थे।
शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे रणदीप और उनका बेटा पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में पहुंचे। आरव सीढ़ी पर चढ़कर फूल तोड़ रहा था। इसी दौरान बारिश से गीली हुई फर्श पर उसका पैर फिसल गया और वह बालकनी से बाहर की ओर गिरकर रेलिंग पर लटक गया।
बेटे को बचाने दौड़े पिता, दोनों नीचे गिरे
बेटे को लटकता देखकर रणदीप ने तुरंत उसका हाथ पकड़कर ऊपर खींचने की कोशिश की। लेकिन इस दौरान उनका भी संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते पिता और बेटा दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय रणदीप की पत्नी कमरे में तैयार हो रही थीं। पति की चीख सुनकर वह बालकनी की ओर दौड़ीं, लेकिन वहां कोई नहीं था। नीचे देखने पर उन्हें पति और बेटे के शव दिखाई दिए।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से सीढ़ी भी बरामद की गई है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि डायल-112 के जरिए घटना की सूचना मिली थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



