छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय साधन सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा की तारीख बदली, अब 3 जनवरी 2027 को होगा आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने राष्ट्रीय साधन सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा 2026-27 की तारीख में संशोधन किया है। अब यह परीक्षा 12 दिसंबर 2026 के बजाय 3 जनवरी 2027, रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रदेश के निर्धारित केंद्रों पर होगी।
मंडल के सचिव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से 12 और 13 दिसंबर 2026 को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) आयोजित की जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए छात्रवृत्ति परीक्षा की तारीख में बदलाव किया गया है।
इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है। साथ ही प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को नई परीक्षा तिथि की जानकारी परीक्षार्थियों तक पहुंचाने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब परीक्षार्थियों को 3 जनवरी 2027 को होने वाली परीक्षा के अनुसार अपनी तैयारी और परीक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी।



