एशियन पैरा गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन, 114 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से मिले PM मोदी; बोले- सबसे ऊंची उड़ान हौसलों से होती है

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। बुधवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि पैरा एथलीटों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सबसे ऊंची उड़ान हौसलों से होती है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने इस बार 30 गोल्ड, 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इसके साथ ही खिलाड़ियों ने 5 नए विश्व रिकॉर्ड और 9 एशियाई रिकॉर्ड भी बनाए हैं। चार स्पर्धाओं में तो पोडियम के तीनों स्थानों पर भारतीय खिलाड़ियों का कब्जा रहा।
14 से 114 पदकों तक पहुंचा भारत का सफर
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2010 के एशियन पैरा गेम्स में भारत ने केवल 14 पदक जीते थे, जबकि इस बार खिलाड़ियों ने कुल 114 पदक हासिल किए हैं। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, समर्पण और मजबूत खेल इकोसिस्टम का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में खेलों को लेकर नई सोच और व्यवस्था विकसित की गई है। पहले खिलाड़ियों को संसाधनों की कमी और सहयोग के अभाव जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब सरकार ने युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए व्यवस्था में बदलाव किया है।
56 महिला खिलाड़ियों में से 34 ने जीते मेडल
पीएम मोदी ने भारतीय महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि इस बार 56 महिला खिलाड़ियों में से 34 बेटियों ने पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता के अंतिम दिन भारतीय खिलाड़ियों ने 9 गोल्ड मेडल अपने नाम किए।
कोच और परिवारों को भी दिया श्रेय
प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों की सफलता में उनके परिवारों, ट्रेनर और कोच की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विशेष रूप से पैरा खिलाड़ियों के कोचों की मेहनत की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर बड़े खेल आयोजन के बाद खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनका उत्साह बढ़ाते हैं। उनके प्रोत्साहन से देश के खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलती है।



