मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप का बड़ा फैसला, ओवल ऑफिस और कैबिनेट रूम को घोषित किया राष्ट्रीय स्मारक

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद अपना पहला आधिकारिक फैसला लिया है। उन्होंने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस और कैबिनेट रूम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने के आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। ट्रंप का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य दोनों कमरों के मूल स्वरूप और ऐतिहासिक पहचान को भविष्य में होने वाले बड़े बदलावों से सुरक्षित रखना है।
हालांकि, इस आदेश के बावजूद भविष्य के राष्ट्रपति इन कमरों की सजावट बदल सकेंगे। वे फर्नीचर बदलने और अपनी पसंद के अनुसार नई सजावट करने के लिए स्वतंत्र होंगे। इतना ही नहीं, अगला राष्ट्रपति ट्रंप के इस आदेश को रद्द भी कर सकता है।
ओवल ऑफिस की दीवारें तोड़ने पर जताई चिंता
ट्रंप ने कहा कि ओवल ऑफिस अमेरिका की पहचान का प्रतीक है और इसकी ऐतिहासिक संरचना को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने चिंता जताई कि भविष्य में कोई राष्ट्रपति इसकी दीवारें तोड़कर या आकार बदलकर इसका मूल स्वरूप बिगाड़ सकता है।
आदेश के मुताबिक, राष्ट्रपति सजावट बदल सकते हैं, नया फर्नीचर रख सकते हैं और सुरक्षा या रोजमर्रा के कामकाज के लिए जरूरी बदलाव कर सकते हैं। हालांकि, ऐसे किसी बड़े बदलाव की पहले जांच करनी होगी, जिससे इमारत की ऐतिहासिक पहचान या मूल ढांचे को नुकसान पहुंचने की आशंका हो। इन कमरों की देखरेख की जिम्मेदारी गृह मंत्री को सौंपी गई है।
व्हाइट हाउस में कराए गए बदलावों का भी किया जिक्र
ट्रंप इस सप्ताह तीसरी बार व्हाइट हाउस में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर चर्चा में रहे। बुधवार को उन्होंने नए बॉलरूम के निर्माण में लगाई जा रही अंतिम बीम पर हस्ताक्षर किए थे। इससे पहले सोमवार को वह लिंकन मेमोरियल के रिफ्लेक्टिंग पूल पहुंचे थे और वहां किए जा रहे बदलावों पर बात की थी।
ट्रंप ने ओवल ऑफिस की दीवारों पर कई तस्वीरें, अमेरिकी स्वतंत्रता की घोषणा की एक प्रति और सुनहरी सजावट लगवाई है। वहीं, कैबिनेट रूम में नए झूमर भी लगाए गए हैं।
बॉलरूम निर्माण को लेकर भी उठ रहे सवाल
व्हाइट हाउस में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर ट्रंप प्रशासन को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। डेमोक्रेट सांसद इन परियोजनाओं की जांच की तैयारी कर रहे हैं। सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंथल ने बॉलरूम निर्माण के लिए चंदा देने वालों से जानकारी मांगी है। उन्होंने कहा है कि जवाब नहीं मिलने पर अन्य तरीकों से जानकारी जुटाई जाएगी।
ट्रंप के निर्माण कार्यों को लेकर कई मुकदमे भी चल रहे हैं। आरोप है कि कुछ बदलाव जरूरी मंजूरी लिए बिना किए गए हैं। वहीं, ट्रंप ने कहा कि अगर भविष्य में कोई ओवल ऑफिस की दीवारें तोड़ने या उसका स्वरूप बदलने की कोशिश करता है, तो उन्हें इसकी जानकारी दी जाए, ताकि वह खुद इसे रोक सकें।



