दो साल बाद छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की वापसी का भूपेश बघेल ने किया दावा, नवागढ़ को स्थायी SDM कार्यालय देने का वादा

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दावा किया है कि दो साल बाद प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सत्ता में वापसी के बाद नवागढ़ में स्थायी अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कार्यालय खोला जाएगा। भूपेश बघेल गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कोसला और खरौद के साथ ही जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के नवागढ़ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
तीन घंटे की देरी से पहुंचे भूपेश बघेल
नवागढ़ में शहीद राजेंद्र कश्यप की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए भूपेश बघेल करीब तीन घंटे की देरी से पहुंचे। उनके स्वागत के लिए राछाभांठा में कांग्रेस के दो गुट इंतजार कर रहे थे। स्वागत कार्यक्रम के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष वापस लौट गए, जबकि विधायक ब्यास कश्यप ने उनकी अगुवाई करते हुए प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम तक पहुंचाया।
इस दौरान विधायक ब्यास कश्यप ने प्रदेश में दो साल बाद कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प जताया। उन्होंने नवागढ़ में स्थायी एसडीएम कार्यालय खोलने की मांग भी रखी। इस पर भूपेश बघेल ने आश्वासन दिया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर नवागढ़ को स्थायी अनुविभागीय कार्यालय की सौगात दी जाएगी।
बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान भूपेश बघेल ने प्रदेश की बीजेपी सरकार के लगभग तीन साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार को किसान, युवा और छत्तीसगढ़िया विरोधी बताते हुए विभिन्न मुद्दों पर निशाना साधा।
उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी सवाल उठाए। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से लोकतंत्र को कमजोर करने और लोगों के मताधिकार को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया।



