स्व. डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर होगा शासकीय नागरिक कल्याण महाविद्यालय

भिलाईनगर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गुरुवार भिलाई-3 स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय पहुंचकर अहिवारा के विधायक स्व. डोमन लाल कोर्सेवाड़ा को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साय ने कहा कि स्व. कोर्सेवाड़ा द्वारा समाज और प्रदेश के विकास के लिए किए गए कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने अहिवारा स्थित शासकीय महाविद्यालय का नामकरण स्व. डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के नाम पर किए जाने की घोषणा की।
साय ने आज कहा स्व. कोर्सेवाड़ा की कमी हमेशा महसूस की जाएगी। उन्हें उनके वास्तविक नाम से अधिक लोग ‘गुरुजी’ के नाम से ज्यादा जानते थे। उनका सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाता था।
मुख्यमंत्री ने उनके साथ जुड़े आत्मीय प्रसंग को साझा करते हुए बताया कि जब स्व. कोर्सेवाड़ा हैदराबाद में उपचार के लिए भर्ती थे, तब उन्होंने स्वयं फोन कर उनका हाल- चाल जाना था तथा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल को भी उनका हाल जानने के लिए हैदराबाद जाने के निर्देश दिए थे।



