पटाखा बाजार पर भी महंगाई की मार पिछले साल की तुलना में बढ़े दाम

राजनांदगांव। दीपावली पर्व को लेकर शहर में पटाखा बाजार भी सजकर तैयार हो गया है। एक ओर जहां लोग दीपावली की खुशियां मनाने के लिए पटाखों की खरीददारी की तैयारी कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस बार पटाखों की कीमतों में बढ़ोतरी ने ग्राहकों के बजट पर असर डाला है। पिछले वर्ष की तुलना में कई तरह के पटाखों के दाम बढ़े हैं। इसके चलते ग्राहक खरीदारी के दौरान कीमतों और वैरायटी की जानकारी ले रहे हैं। व्यापारियों की माने तो 20 से 25% दाम पटाखों के बढ़ चुके हैं।
ज्ञात हो कि राजनांदगांव जिले में भी दीपावली पर्व के दौरान करोड़ों के पटाखों की बिक्री होती है। इसके लिए नगर निगम द्वारा राजनांदगांव जिला मुख्यालय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले म्युनिसिपल स्कूल मैदान में स्थान का चिंतन किया गया है जहां पर 92 से अधिक पटाखा की दुकानें सज चुके हैं। जहां पर लोग पहुंच कर अधिक से अधिक पटाखे खरीद रहे हैं ।
पटाखों के थोक व्यापारी मोटलानी ने बताया कि इस वर्ष पटाखा कारोबार पर भी महंगाई का असर देखने को मिल रहा है। विभिन्न प्रकार के पटाखों की कीमतों में वृद्धि हुई है। बाजार में अलग-अलग रेंज के पटाखे उपलब्ध हैं। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। वहीं सिंह पटाखा के संचालक ने भी बाजार की स्थिति और इस वर्ष की तैयारियों को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि दीपावली के मद्देनजर दुकानों में विभिन्न प्रकार के पटाखे उपलब्ध कराए गए हैं।



