Chhattisgarh

युवा कांग्रेस चुनाव में सदस्यता की जंग तेज: वीडियो अपलोड कर बनना होगा सदस्य, एक सदस्य डालेगा 6 वोट

दुर्ग। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव अब नए और निर्णायक चरण में पहुंच गए हैं। अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण और भिलाई नगर जिलों में सदस्यता अभियान तेज हो गया है।

इस बार चुनाव पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए होगा, इसलिए उम्मीदवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़ना और उन्हें अपने पक्ष में मतदान के लिए तैयार करना है।

एक सदस्य 6 वोट डाल सकता है

युवा कांग्रेस के चुनाव में हर सदस्य की भूमिका काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। संगठन के नियमों के अनुसार एक सदस्य ऑनलाइन माध्यम से छह अलग-अलग पदों के लिए मतदान कर सकेगा। इसी वजह से सभी दावेदार सदस्यता बढ़ाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

हाल ही में दुर्ग स्थित राजीव भवन में तीनों जिलों के उम्मीदवारों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव प्रक्रिया और सदस्यता अभियान को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। संगठन ने स्पष्ट किया कि सदस्यता और मतदान दोनों पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होंगे।

75 रुपए सदस्यता शुल्क रखी गई

सदस्य बनने के लिए इच्छुक व्यक्ति को 75 रुपये का शुल्क जमा करना होगा। यह राशि सीधे युवा कांग्रेस के खाते में जाएगी। सदस्यता प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नए सदस्य को अपना लाइव फोटो, वोटर आईडी कार्ड और आयु प्रमाण पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। आयु प्रमाण के लिए 10वीं की मार्कशीट, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट स्वीकार किए जाएंगे।

इसके अलावा सदस्य को एक छोटा वीडियो भी अपलोड करना होगा, जिसमें उसे स्वयं यह बताना होगा कि वह युवा कांग्रेस का सदस्य बनना चाहता है। संगठन का मानना है कि इससे फर्जी सदस्यता पर रोक लगेगी और वास्तविक सदस्यों की पहचान सुनिश्चित होगी।

इस चुनाव में रिफरल कोड की भी अहम भूमिका होगी। प्रत्येक उम्मीदवार का अलग रिफरल कोड होगा, जिसके माध्यम से नए सदस्य उससे जुड़ेंगे। दुर्ग ग्रामीण में 7, दुर्ग शहर में 10 और भिलाई नगर में 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। ऐसे में सदस्यता अभियान ही चुनावी जीत-हार का सबसे बड़ा आधार बनने जा रहा है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button