Chhattisgarh

रायगढ़ में 2 ट्रेलरों की भीषण टक्कर, ड्राइवर जिंदा जला; दूसरे ने कूदकर बचाई जान

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोयला से लदे दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में एक ट्रेलर चालक आग की लपटों में फंस गया और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर का चालक समय रहते वाहन से कूद गया और अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम झिंकाबहाल के पास की है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे झिंकाबहाल के समीप दो कोयला लदे ट्रेलर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि एक चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वह वाहन के अंदर ही फंस गया। देखते ही देखते पूरा ट्रेलर आग की चपेट में आ गया, जिससे चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस ने शव बरामद कर परिजनों को सूचना दी

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। तमनार पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद मृत चालक का शव बरामद किया गया, जिसे पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी भेज दिया गया है।

दमकल कर्मियों ने बुझाई आग

पुलिस के अनुसार, एक ट्रेलर गारे 4/6 माइंस से डोंगामौआ की ओर कोयला लेकर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर ओडिशा की दिशा से किसी पावर प्लांट की ओर जा रहा था। फिलहाल मृतक चालक की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं दूसरा चालक हादसे के बाद मौके से चला गया।

तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button