नगर निगम ने की टिकरापारा में सफाई व्यवस्था की जांच
डस्टबिन नहीं मिलने पर दुकानदारों की लगाई क्लास

रायपुर। राजधानी रायपुर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर निगम(Corporation) लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी कड़ी में जोन-6 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सिद्धार्थ चौक क्षेत्र (टिकरापारा) में औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की जांच की और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की।
कारोबारी फेंक रहे थे दुकानों के पास कचरा
यह अभियान नगर निगम(Corporation) आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें जोन-6 कमिश्नर हितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन और जोन-10 स्वास्थ्य अधिकारी आदिव्य हजारी की मौजूदगी में स्वास्थ्य अमले ने क्षेत्र का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के आसपास सड़कों पर कचरा फेंक रहे थे और कई दुकानों में डस्टबिन की अनिवार्य व्यवस्था नहीं रखी गई थी।
नगर निगम(Corporation) टीम ने मौके पर ही ऐसे दुकानदारों को फटकार लगाई और नियमों का उल्लंघन करने पर कुल 5700 रुपये का जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाना नियमों के खिलाफ है और इससे न सिर्फ शहर की सुंदरता प्रभावित होती है बल्कि स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है।
दुकानदारों को दंडात्मक कार्यवाई की दी गयी चेतावनी
इसके साथ ही दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि दोबारा ऐसी लापरवाही पाई जाती है तो और कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना बढ़ाने के साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।
नगर निगम ने यह भी कहा है कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी की समस्या को पूरी तरह रोका जा सके।

