ChhattisgarhNational

जंतर-मंतर में CJP के प्रदर्शन में शामिल हुई JCCJ: अमित जोगी बोले- देश को मजबूत तीसरे राजनीतिक विकल्प की जरूरत

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर में आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में शामिल होकर राष्ट्रीय परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर अपना समर्थन जताया। पार्टी का दावा है कि वह CJP के आंदोलन में शामिल होने वाली पहली मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी है।

JCCJ के अनुसार यह प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया। पार्टी ने कहा कि उसका समर्थन पूरी तरह मुद्दा-आधारित है और इसका उद्देश्य छात्रों के हितों की रक्षा तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े रहे हैं, लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में पारंपरिक दलों के सामने अस्तित्व बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में राजनीति में टिके रहने के लिए केवल विचारधारा नहीं, बल्कि संघर्ष और जिजीविषा भी जरूरी है।

अमित जोगी ने छत्तीसगढ़ी संदर्भ का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में कॉकरोच को ‘झेंगुरा’ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि वे जंतर-मंतर में कॉकरोच बनकर नहीं, बल्कि गर्व के साथ ‘झेंगुरा’ बनकर पहुंचे हैं। उनका कहना था कि यह प्रतीक कठिन परिस्थितियों में भी जीवित रहने और संघर्ष जारी रखने की क्षमता को दर्शाता है।

JCCJ ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उसका CJP के साथ जुड़ाव केवल छात्रों और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों तक सीमित है। हालांकि भविष्य में समान विचारधारा वाले संगठनों के साथ सहयोग की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया।

अमित जोगी ने कहा कि देश के युवाओं के बीच भाजपा और कांग्रेस से अलग एक मजबूत तीसरे राजनीतिक विकल्प की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे जन आंदोलन राजनीतिक दलों को आत्ममंथन का अवसर देते हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button