मोदी सरकार के 12 साल पूरे, भाजपा चलाएगी देशव्यापी जनसंपर्क अभियान

नई दिल्ली। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 5 जून से 21 जून तक देशव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाएगी। अभियान की थीम “12 साल बेमिसाल : विश्वास, विकास और जनकल्याण” रखी गई है।
भाजपा इस अभियान के माध्यम से पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को जनता तक पहुंचाएगी। इसके लिए पांच विशेष बुकलेट तैयार की गई हैं, जिन्हें हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू समेत विभिन्न भारतीय भाषाओं में जारी किया जाएगा।
पांच बुकलेट में सरकार की उपलब्धियां
राष्ट्र प्रथम बुकलेट में राष्ट्रीय सुरक्षा, सैन्य शक्ति, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख किया जाएगा।
जनसेवा का संकल्प बुकलेट में गरीबों, किसानों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के हित में लिए गए फैसलों को शामिल किया गया है।
सशक्तिकरण से समृद्धि तक बुकलेट में महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और महिलाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
विरासत भी, विकास भी शीर्षक वाली बुकलेट में आधुनिक विकास के साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा और विरासत के संरक्षण के प्रयासों को दर्शाया जाएगा।
राष्ट्र निर्माण बुकलेट में सड़क, रेल, हवाई अड्डे और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं सहित देश के विकास कार्यों का विवरण होगा।
गांव-गांव पहुंचेगा अभियान
भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि गांवों और शहरों में जाकर लोगों से संवाद करेंगे तथा केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देंगे। अभियान के दौरान वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
जनकल्याण शिविरों का होगा आयोजन
12 जून से 20 जून के बीच देशभर में विशेष जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। इनमें आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना समेत विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का पंजीकरण किया जाएगा।
योग दिवस और पर्यावरण दिवस पर विशेष कार्यक्रम
5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जाएगा। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा का कहना है कि यह अभियान सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

