फिलीपींस में बड़ा विमान हादसा: हवा में टकराए वायुसेना के दो विमान, 4 पायलटों की मौत

बटांगास। फिलीपींस में वायुसेना के दो ट्रेनिंग विमान हवा में आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में चार पायलटों की मौत हो गई। यह दुर्घटना शुक्रवार को बटांगास प्रांत के लिपा शहर स्थित फर्नांडो एयर बेस पर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलीपींस वायुसेना के दोनों SF-260 विमानों के बीच हवा में टक्कर हुई, जिसके बाद वे एयर बेस परिसर में ही दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में विमानों में सवार चारों पायलटों की जान चली गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।
जांच पूरी होने तक उड़ानों पर रोक
फिलीपींस वायुसेना ने हादसे के बाद एहतियाती कदम उठाते हुए अपने सभी SF-260 ट्रेनर विमानों की उड़ानों पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
फिलीपींस में SF-260 ट्रेनर विमानों से जुड़े हादसे पहले भी सामने आ चुके हैं। इसी साल मई में उत्तरी फिलीपींस के पहाड़ी इलाके में एक SF-260 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो पायलटों की मौत हुई थी। वहीं, वर्ष 2023 में भी प्रशिक्षण उड़ान के दौरान SF-260 विमान हादसे में दो पायलटों की जान चली गई थी।
फिलहाल, ताजा हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।



