नाबालिग से हैवानियत: प्रेमी ने बनाया अश्लील वीडियो, 9 दोस्तों ने 6 महीने तक किया सामूहिक दुष्कर्म

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालकोनगर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है।
यहां एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ उसके प्रेमी और उसके 9 दोस्तों द्वारा पिछले 6 महीनों से ब्लैकमेल कर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रेमी सहित सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़िता का बालकोनगर क्षेत्र के ही रहने वाले 30 वर्षीय होरीलाल चौहान के साथ प्रेम प्रसंग था। शारीरिक संबंध बनाने के दौरान प्रेमी ने किशोरी को विश्वास में लेकर उसका एक आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। बाद में आरोपी ने इस वीडियो को अपने दोस्तों के बीच सार्वजनिक कर दिया।
वीडियो की आड़ में ब्लैकमेलिंग
वीडियो हाथ लगते ही प्रेमी के दोस्तों ने इसे हथियार बना लिया। उन्होंने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी को ब्लैकमेल करना शुरू किया।
धीरे-धीरे इस बात की जानकारी अन्य युवकों को भी हुई और वे भी वीडियो का हवाला देकर पीड़िता को डराने लगे। दिसंबर 2025 से मई 2026 के बीच, प्रेमी सहित कुल 10 आरोपियों ने किशोरी को डरा-धमकाकर लगातार अपनी हवस का शिकार बनाया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
लगातार हो रहे मानसिक और शारीरिक शोषण से तंग आकर पीड़िता ने आखिरकार अपने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद बालको थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और पीड़िता का मेडिकल कराकर छापेमारी की।
पुलिस ने सभी 10 आरोपियों—होरीलाल चौहान, कन्हैया सिंह, उदय, मनीष, बुग्गु, राकेश सिंह, दशरथ पटेल, चित्रभान, शत्रुघ्न और योगेश चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार: “नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में पॉक्सो एक्ट व अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
आरोपियों के मोबाइल से वह आपत्तिजनक वीडियो भी जब्त कर लिया गया है, और मामले की विस्तृत जांच जारी है।”

