पीएम मोदी के 12 वर्ष पूरे: मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले- नए भारत के निर्माण का स्वर्णिम अध्याय है यह कार्यकाल

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक ब्लॉग लिखकर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल सेवा, सुशासन और संकल्प का प्रतीक है तथा उन्होंने नए भारत के निर्माण का स्वर्णिम अध्याय लिखा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनना देश के लोकतांत्रिक इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली, सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करना और देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना उनकी सबसे बड़ी विशेषताएं हैं।
सेवा, सुशासन और संकल्प की राजनीति
डॉ. यादव ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शासन को जनता की सेवा का माध्यम बनाया है। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की रही है।
उन्होंने सुशासन को पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी प्रशासन बताया। डिजिटल तकनीक के माध्यम से शासन और जनता के बीच की दूरी कम करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
संवाद और निर्णायक नेतृत्व की मिसाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी संवाद को लोकतंत्र की आत्मा मानते हैं। ‘मन की बात’ और ‘परीक्षा पर चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से वे लगातार जनता और युवाओं से जुड़े रहते हैं।
उन्होंने कहा कि बड़े और कठिन फैसले लेने की क्षमता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की पहचान रही है। विकसित भारत का संकल्प इसी सोच का परिणाम है, जिसने देश में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत किया है।
मध्य प्रदेश को मिला विशेष मार्गदर्शन
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना, पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना, पीएम मित्र पार्क, मेट्रो रेल परियोजनाओं और औद्योगिक निवेश जैसे कई विकास कार्यों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साइबर तहसील, नौ हवाई अड्डों का विकास, नक्सलवाद पर नियंत्रण और बड़े निवेश कार्यक्रम प्रधानमंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन का परिणाम हैं।
सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर
मुख्यमंत्री ने अपने ब्लॉग में लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारतीय संस्कृति, विरासत और सभ्यता के प्रति गर्व का भाव मजबूत हुआ है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, काशी के पुनर्विकास और वैश्विक स्तर पर योग के प्रचार को उन्होंने सांस्कृतिक आत्मविश्वास का प्रतीक बताया।
नए भारत की आधारशिला
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों को केवल योजनाओं और आंकड़ों से नहीं समझा जा सकता। यह कालखंड भारत के आत्मविश्वास, राष्ट्रीय चेतना और विकास की नई सोच का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह नए भारत की आधारशिला रखने वाला दौर है।

