फर्स्ट लुक रिलीज होते ही सुर्खियों में आई ‘काला हिरण’, कानूनी विवाद भी गहराया
काला हिरण केस से कोर्ट नोटिस तक, क्यों चर्चा मेंयह है नई फिल्म

मुंबई। सालों पुराने काला हिरण(Blackbuck) शिकार मामले की गूंज एक बार फिर सुनाई देने लगी है। इसकी वजह बनी है फिल्म “काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी”, जिसका फर्स्ट लुक हाल ही में जारी किया गया है। पोस्टर और टीज़र सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है और लोग इसकी कहानी को 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले से जोड़कर देख रहे हैं।
भरत एस. श्रीनेत के निर्देशन में बनी फिल्म,दिखाए गए अदालत की कार्यवाही
काला हिरण(Blackbuck) फिल्म में सीधे तौर पर किसी वास्तविक व्यक्ति का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन टीज़र में दिखाए गए किरदारों को लेकर दर्शकों के बीच अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कहानी में शिकार की घटना, पुलिस जांच, अदालत की कार्यवाही और अपराध जगत से जुड़े कई पहलुओं को दिखाने की कोशिश की गई है। यही वजह है कि फर्स्ट लुक रिलीज होते ही फिल्म सुर्खियों में आ गई। फिल्म का निर्देशन भरत एस. श्रीनेत ने किया है, जबकि निर्माता अमित जानी हैं। फिल्म में मुकेश तिवारी, गोविंद नामदेव, कमलेश सावंत और नरेश गोसाईं जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
रिलीज के पहले सलमान खान की लीगल टीम ने भेज दिया नोटिस
हालांकि फिल्म रिलीज से पहले ही कानूनी विवादों में घिर गई है। अभिनेता सलमान खान की ओर से जुड़े कानूनी पक्ष ने काला हिरण(Blackbuck) फिल्म को लेकर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि फिल्म की कुछ सामग्री उनकी छवि को प्रभावित कर सकती है। वहीं निर्माता का दावा है कि यह किसी व्यक्ति विशेष की बायोपिक नहीं है, बल्कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध घटनाओं और जानकारियों से प्रेरित एक काल्पनिक प्रस्तुति है।
फिलहाल फर्स्ट लुक रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर बहस तेज हो गई है। अब देखना होगा कि यह फिल्म सिनेमाघरों तक पहुंचती है या फिर कानूनी चुनौतियां इसकी राह में नई मुश्किलें खड़ी करती हैं।

