भवानीपुर चुनाव परिणाम को ममता बनर्जी ने हाई कोर्ट में दी चुनौती

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट के चुनाव परिणाम को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी है। उन्होंने चुनावी याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि मतगणना के दौरान धांधली हुई, जिसके कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
भवानीपुर सीट पर भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,105 वोटों के अंतर से हराया था। अब ममता बनर्जी ने चुनाव परिणामों की न्यायिक समीक्षा की मांग करते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
याचिका दाखिल करने के लिए ममता बनर्जी मंगलवार को कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचीं। उनके साथ तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष और डोला सेन भी मौजूद थे। हालांकि, याचिका में परिणामों को चुनौती देने के विस्तृत आधारों की जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भी ममता बनर्जी ने हार स्वीकार नहीं की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि चुनाव में वोटों की लूट हुई और परिणाम वास्तविक जनमत को नहीं दर्शाते।
गौरतलब है कि इससे पहले भी वर्ष 2021 में नंदीग्राम विधानसभा सीट पर हार के बाद ममता बनर्जी ने अदालत का रुख किया था। वह मामला अभी भी न्यायालय में लंबित है।
अब भवानीपुर सीट के चुनाव परिणाम को लेकर दायर नई याचिका पर सभी की नजरें टिकी हैं, क्योंकि इसका फैसला पश्चिम बंगाल की राजनीति पर बड़ा असर डाल सकता है।

