National

यूपी में लर्निंग गैप दूर करने के लिए शुरू होगा कैच-अप शिक्षण अभियान, जुलाई से विशेष कक्षाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों के सीखने के अंतराल (लर्निंग गैप) को दूर करने के लिए पूरे प्रदेश में विशेष कैच-अप शिक्षण अभियान शुरू करने का फैसला किया है। इस पहल के तहत जुलाई 2026 में सभी विद्यार्थियों के लिए 15 दिवसीय पुनरावृत्ति शिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा।

सरकार के अनुसार अगस्त 2026 से जनवरी 2027 तक विद्यालयों में प्रतिदिन 20 से 30 मिनट का विशेष कैच-अप शिक्षण सत्र आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य उन छात्रों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग प्रदान करना है, जो अपेक्षित अधिगम स्तर से पीछे रह गए हैं।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और एनसीएफएसई-2023 के अनुरूप तैयार की गई इस योजना में गतिविधि आधारित, अनुभवात्मक और रुचिकर शिक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा। शिक्षण-अधिगम सामग्री, गणित किट, पुस्तकालय पुस्तकों, चार्ट, पोस्टर और स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर बच्चों की सीखने की क्षमता को मजबूत किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की कठिनाइयों की पहचान कर उनका समाधान किया जाएगा। पीयर लर्निंग, समूह गतिविधियों और सहयोगात्मक शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास और समस्या समाधान क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों का बेसलाइन और एंडलाइन आकलन किया जाएगा। साथ ही एआरपी, एसआरजी, डायट मेंटर और खंड शिक्षा अधिकारी नियमित रूप से इसकी समीक्षा करेंगे। अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समितियों को भी इस पहल से जोड़ा जाएगा, ताकि बच्चों को घर और स्कूल दोनों जगह बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

योगी सरकार का कहना है कि यह अभियान गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और परिणामोन्मुखी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button