कोलकाता में मोदी बोले- 70 की उम्र में भी 50 जैसा दिखें, योग इसमें मददगार

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में हिस्सा लिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि योग केवल फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सक्रिय जीवन का आधार है।
उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि 40 की उम्र में 20 साल जैसी लचक, 50 की उम्र में 30 साल जैसी ऊर्जा और 70 की उम्र में 50 साल जैसा स्वास्थ्य बनाए रखें।
35 हजार लोगों के साथ योगाभ्यास किया
कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में करीब 35 हजार लोगों ने प्रधानमंत्री के साथ योगाभ्यास किया। पीएम मोदी ने ताड़ासन, अर्धचक्रासन, भद्रासन, त्रिकोणासन सहित कई योग क्रियाएं कीं।
उन्होंने चालन क्रिया, स्कंध चक्र, कटिचालन और घुटनाचालन अभ्यास भी किया। योग सत्र के दौरान प्रधानमंत्री लोगों के बीच पहुंचे और उन्हें सही योग मुद्राएं करने का तरीका भी बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21 जून, जो वर्ष का सबसे लंबा दिन माना जाता है, अब पूरी दुनिया में योग दिवस के रूप में पहचान बना चुका है।
योग आज विश्व का सबसे बड़ा सामुदायिक उत्सव बन गया है, जो देशों, संस्कृतियों और समाजों को एक-दूसरे से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि योग मानव एकता का आधार है और यह किसी एक आयु वर्ग तक सीमित नहीं है।
इस वर्ष योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” यानी बढ़ती उम्र में स्वस्थ जीवन रखी गई है।
संतुलित जीवन जीने की कला
पीएम ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव और असंतुलन के बीच योग संतुलित जीवन जीने की कला सिखाता है। यह केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी मजबूत बनाता है।
देशभर में योग दिवस के अवसर पर विभिन्न राज्यों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, खिलाड़ी और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।

