नकटी में मकान तोड़े जाने का कांग्रेस ने किया विरोध
गरीबों के घर तोड़ना अन्याय: दीपक बैज

रायपुर | छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस(Congress) कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज्य सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूर्व में चरण पादुका वितरण योजना में अनियमितताओं के आरोप लगते रहे थे, जिसके बाद कांग्रेस सरकार ने हितग्राहियों के खातों में सीधे राशि हस्तांतरित करने की व्यवस्था शुरू की थी।
दीपक बैज ने जूता वितरण योजना पर उठाए सवाल
कांग्रेस(Congress) अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने फिर से संग्राहकों को नकद राशि के बजाय जूते देने की व्यवस्था लागू की है। उन्होंने दावा किया कि जूता वितरण के लिए जारी किए गए टेंडर में विशेष श्रेणी के सेफ्टी शू को शामिल किया गया है, जिससे कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इस मामले की पारदर्शी जांच की मांग भी की।
नकटी के विस्थापितों को मकान देने की मांग
नकटी क्षेत्र में मकानों पर हुई कार्रवाई को लेकर भी प्रदेश कांग्रेस(Congress) अध्यक्ष ने सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कई परिवार पिछले कई दशकों से वहां रह रहे थे और उनके घरों को हटाना उचित नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार अन्य स्थानों पर भी अपनी परियोजनाएं विकसित कर सकती थी।कांग्रेस ने मांग की है कि जिन परिवारों के मकान हटाए गए हैं, उन्हें तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए और उनके पुनर्वास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

