National

राजधानी में मानसून की एंट्री, यूपी में वज्रपात से 8 की मौत: NCR समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली। उत्तर भारत में मानसून ( Monsoon) ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार को मानसून ने दिल्ली-एनसीआर में दस्तक दे दी, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली।

राजधानी और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मानसून ( Monsoon) की बारिश जहां राहत लेकर आई है, वहीं उत्तर प्रदेश में इसका कहर भी देखने को मिला। पिछले 24 घंटों में आकाशीय बिजली गिरने और वर्षाजनित हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई।

सुलतानपुर और मुरादाबाद में धान की रोपाई के दौरान चार लोगों की जान चली गई। बलिया में वज्रपात से दो लोगों की मौत हुई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। वाराणसी में भी बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई। अलीगढ़ में मकान का छज्जा गिरने और सीढ़ियों के मलबे में दबने से एक व्यक्ति की जान चली गई।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के लिए ऑरेंज अलर्ट ( Monsoon) जारी किया है। इन राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी जताया गया है। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में भी अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज बारिश की संभावना है।

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि दिल्ली-एनसीआर समेत बड़े शहरों में भारी बारिश के कारण जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली गिरने की आशंका होने पर खुले स्थानों में नहीं रुकने की सलाह दी गई है।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button