
दिल्ली। भारत में गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों (gold and silver) में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख के कारण सर्राफा बाजार में भारी दबाव देखने को मिला।
इसके चलते 24 कैरेट सोना सस्ता होकर करीब ₹1,43,890 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया, जबकि चांदी गिरकर ₹2.23 लाख प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार करती दिखाई दी।
ट्रंप के बयान का इफेक्ट
विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान और मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बाद निवेशकों की रणनीति में बदलाव आया है।
दूसरी ओर, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ताजा बैठक के संकेतों से यह संभावना मजबूत हुई है कि ब्याज दरों में फिलहाल जल्द कटौती नहीं होगी। ऐसे में निवेशकों का रुझान सोने-चांदी से हटकर सरकारी बॉन्ड और अन्य सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ा, जिससे कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव बना।
अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार कॉमेक्स (COMEX) में भी सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। इसका असर घरेलू मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी पड़ा, जहां दोनों धातुएं गिरावट के साथ कारोबार करती रहीं।
सोने-चांदी का भाव गिरा
देश के प्रमुख शहरों में भी सोने-चांदी (gold and silver) के भाव नरम रहे। नई दिल्ली, मुंबई, जयपुर, पटना और कानपुर समेत कई शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत लगभग ₹1.43 लाख से ₹1.44 लाख प्रति 10 ग्राम के बीच दर्ज की गई, जबकि चांदी के भाव ₹2.21 लाख से ₹2.23 लाख प्रति किलोग्राम के दायरे में रहे।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल निवेशक ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति अपना रहे हैं। आने वाले दिनों में अमेरिकी महंगाई के आंकड़े, फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति और पश्चिम एशिया की स्थिति पर बाजार की नजर रहेगी। इन्हीं घटनाक्रमों के आधार पर सोने और चांदी की कीमतों में आगे तेजी या गिरावट का रुख तय हो सकता है।

