गोविंदा की ‘लॉक अप 2’ में बंदूक लेकर एंट्री, गोली मारने के बयान ने चौकाया

मुंबई। नेटफ्लिक्स के चर्चित रियलिटी शो ‘लॉक अप सीजन 2’ में बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की एंट्री ने नया रोमांच पैदा कर दिया है। शो का नया प्रोमो सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रोमो में गोविंदा अपने मजाकिया अंदाज और दमदार डायलॉग्स से सभी का ध्यान खींचते नजर आए। उनके साथ बेटी टीना आहूजा भी शो में पहुंचीं।
प्रोमो की शुरुआत में गोविंदा कहते हैं, “ये लॉक वो है जो दिखाई दे रहा है, जो नजर आ रहा है। जो नहीं दिखता, उस लॉक अप से मैं आ रहा हूं।” इसके बाद शो की होस्ट फराह खान उनसे मजाकिया अंदाज में पूछती हैं कि उन्होंने किसी को गोली मारने की सुपारी क्यों दी थी। इस पर गोविंदा जवाब देते हैं, “मैं गोली लेकर आया हूं… सीने पर मारना चाहती थी, लो मार लो।” उनके इस संवाद ने सेट पर मौजूद सभी लोगों को चौंका दिया। हालांकि प्रोमो से साफ है कि यह बातचीत मनोरंजन और हास्य के अंदाज में की गई।
इस एपिसोड की एक और खास बात यह है कि शो में पहले से मौजूद गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा भी लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। हाल ही में उन्होंने शो के दौरान अपनी शादी और रिश्ते को लेकर खुलकर बातें की थीं। उन्होंने पति के कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर से जुड़े सवाल पर बेबाकी से जवाब देते हुए कहा था कि अब पुरानी बातों को लेकर परेशान होने का कोई मतलब नहीं है।
गोविंदा के साथ उनकी बेटी टीना आहूजा की मौजूदगी भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। हालांकि प्रोमो में यह नहीं दिखाया गया कि गोविंदा और टीना को देखकर सुनीता आहूजा की क्या प्रतिक्रिया रही।
इसी एपिसोड में यूट्यूबर आशीष चंचलानी भी नजर आएंगे। गोविंदा वाला यह स्पेशल एपिसोड शनिवार को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

