Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से, तीजन बाई को श्रद्धांजलि के साथ होगी कार्यवाही की शुरुआत

छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है, जो 17 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल पांच बैठकें आयोजित की जाएंगी और विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के साथ आठ विधेयक भी पेश किए जाएंगे। सत्र के पहले दिन की कार्यवाही पद्म विभूषण से सम्मानित पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित कर शुरू की जाएगी।

सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से जुड़े सदस्यों के प्रश्नों का उत्तर देंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री सदन में छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन 2024-25, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग का वार्षिक लेखा प्रतिवेदन वित्तीय वर्ष 2024-25 तथा अधिसूचित छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग विनियम 2026 पटल पर रखेंगे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (वीबीजीआरजी) योजना से संबंधित दस्तावेज सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे। वहीं वाणिज्यिक कर मंत्री ओपी चौधरी गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स नेटवर्क (GSTN) की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 सदन में रखेंगे। इसके साथ ही फरवरी-मार्च 2026 सत्र के प्रश्नों के अपूर्ण उत्तरों का संकलन भी पटल पर रखा जाएगा।

सत्र के दौरान विभिन्न जनहित के मुद्दे भी सदन में उठाए जाएंगे। वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में कथित लापरवाही का मामला उठाएंगे। वहीं कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप जांजगीर जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितता का मुद्दा सदन के समक्ष रखेंगे।

पांच दिवसीय इस मानसून सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच विभिन्न जनहित, प्रशासनिक और विकास से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। सरकार जहां अपने कामकाज और योजनाओं का ब्यौरा सदन में प्रस्तुत करेगी, वहीं विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति के साथ सत्र में भाग लेगा।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button