ChhattisgarhRaipur

भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में उमड़े हजारों श्रद्धालु

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने निभाई ‘छेरा पहरा’ की परंपरा

रायपुर | राजधानी रायपुर में गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ(Jagannath) की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के बीच निकाली गई। गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से शुरू हुई यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान की पूजा-अर्चना कर पारंपरिक ‘छेरा पहरा’ की रस्म निभाई और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

रायपुर गुरुवार को पूरी तरह भक्तिमय माहौल में नजर आया। भगवान श्री जगन्नाथ(Jagannath), भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की रथयात्रा गायत्री नगर स्थित मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और भजन-कीर्तन के बीच रवाना हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया, जबकि “जय जगन्नाथ” के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने निभाई ‘छेरा पहरा’ की परंपरा

रथयात्रा के शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका अपनी धर्मपत्नी के साथ और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से मौजूद रहे। दोनों ने भगवान श्री जगन्नाथ(Jagannath) के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सनातन परंपरा के अनुसार स्वर्ण झाड़ू से रथ मार्ग की प्रतीकात्मक सफाई करते हुए ‘छेरा पहरा’ की ऐतिहासिक परंपरा निभाई। यह परंपरा सेवा, समानता और विनम्रता का प्रतीक मानी जाती है।

भक्ति, संस्कृति और सेवा का दिखा संगम

रथयात्रा गायत्री नगर से खम्हारडीह थाना मार्ग होते हुए बीटीआई ग्राउंड पहुंची और वहां से मौसी मंदिर तक निकाली गई। रास्ते भर सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चिकित्सा सहायता, विश्राम और महाप्रसाद की व्यवस्था की। महिला मंडलों के भजन-कीर्तन, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, झांकियों तथा पारंपरिक लोकनृत्यों ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।

श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष एवं रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और सनातन संस्कृति का संदेश देने वाला महापर्व है। पुलिस प्रशासन, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवकों के सहयोग से रथयात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। अंतिम पड़ाव पर मौसी मंदिर में भगवान के विग्रहों की विशेष पूजा-अर्चना और महाप्रसाद वितरण किया गया।

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button