विजय की ‘जना नायकन’ ने पहले दिन मचाया धमाल: 41 करोड़ की ओपनिंग, बॉक्स ऑफिस पर बनाई मजबूत पकड़

दिल्ली। साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित और कथित तौर पर आखिरी फिल्म ‘जना नायकन (Jana Nayagan)’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत की है।
शुरुआती ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने भारत में पहले दिन करीब 41 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। इस शानदार ओपनिंग के साथ फिल्म साल 2026 की बड़ी ओपनर्स में शामिल हो गई है।
सुबह के शो हाउसफुल रहे
फिल्म (Jana Nayagan) को तमिलनाडु के अलावा आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और केरल में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। कई सिनेमाघरों में सुबह के शो हाउसफुल रहे और प्रशंसकों ने विजय के पोस्टर पर दूध चढ़ाकर और आतिशबाजी कर फिल्म का जश्न मनाया। सोशल मीडिया पर भी फिल्म लगातार ट्रेंड कर रही है।
रिलीज से पहले ही ‘जना नायकन’ ने एडवांस बुकिंग में शानदार प्रदर्शन किया था। प्री-सेल्स के जरिए फिल्म ने रिकॉर्ड टिकट बिक्री दर्ज की, जिससे पहले दिन की कमाई को मजबूत आधार मिला।
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि वीकेंड में दर्शकों का यही उत्साह बना रहा तो फिल्म पहले तीन दिनों में 100 करोड़ रुपये के क्लब में प्रवेश कर सकती है।
विजय के फिल्मी करियर की विदाई फिल्म जना नायकन
‘जना नायकन’ (Jana Nayagan) को विजय के फिल्मी करियर की विदाई फिल्म माना जा रहा है। अभिनेता ने सक्रिय राजनीति में कदम रखने की घोषणा के बाद फिल्मों से दूरी बनाने के संकेत दिए हैं। ऐसे में उनके प्रशंसकों के लिए यह फिल्म बेहद खास बन गई है।
फिल्म की कहानी, एक्शन सीक्वेंस और विजय के दमदार स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। हालांकि अंतिम बॉक्स ऑफिस आंकड़े आधिकारिक अपडेट के बाद ही सामने आएंगे, लेकिन पहले दिन का प्रदर्शन यह संकेत दे रहा है कि ‘जना नायकन’ आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कई नए रिकॉर्ड बना सकती है।

