सलमान खान की ‘मातृभूमि’ के ट्रेलर को मिली सेंसर बोर्ड से मंजूरी, 6 नवंबर को हो सकता है रिलीज

सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ रहा है। फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन इसके ट्रेलर से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के ट्रेलर को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मंजूरी मिल गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स इसे 6 नवंबर को रिलीज कर सकते हैं। ऐसे में दिवाली से पहले सलमान खान के फैंस को खास सरप्राइज मिलने की उम्मीद है।
4 मिनट 43 सेकंड का होगा ट्रेलर
केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की वेबसाइट के अनुसार, ‘मातृभूमि’ के ट्रेलर को 4 नवंबर को मंजूरी दी गई है। इसे U/A 16+ सर्टिफिकेट मिला है। ट्रेलर की अवधि 4 मिनट 43 सेकंड बताई जा रही है। माना जा रहा है कि मेकर्स 6 नवंबर यानी शुक्रवार को इसे दर्शकों के सामने पेश कर सकते हैं।
इससे पहले सलमान खान ने फिल्म का एक गाना रिलीज किया था, जिसे उन्होंने खुद अपनी आवाज दी है। गाने के सामने आने के बाद फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
‘बैटल ऑफ गलवान’ से बदलकर रखा गया ‘मातृभूमि’ नाम
इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, लेकिन बाद में इसका शीर्षक बदलकर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया। नाम बदलने के साथ ही फिल्म की कहानी में भी कई बदलाव किए गए। इसके लिए कुछ हिस्सों की दोबारा शूटिंग भी हुई।
सलमान खान ने ‘सिकंदर’ के बाद इस फिल्म का काम तेजी से पूरा किया था। हालांकि, फिल्म की रिलीज को लेकर अब तक आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि फिल्म को सरकार से मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट मिलने की प्रक्रिया अभी बाकी है।
20 नवंबर या 11 दिसंबर को रिलीज हो सकती है फिल्म
पहले कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ‘मातृभूमि’ 13 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। हालांकि, सेंसर सर्टिफिकेट मिलने में देरी के चलते इस तारीख पर फिल्म का रिलीज होना मुश्किल माना जा रहा है।
अब मेकर्स 20 नवंबर की तारीख पर विचार कर रहे हैं। इसके अलावा 11 दिसंबर को भी रिलीज के संभावित विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। इन तारीखों पर किसी बड़ी फिल्म की रिलीज तय नहीं होने की बात सामने आई है।
फिल्म का देशभर में वितरण जियो स्टूडियोज की ओर से किया जा रहा है। फिलहाल दर्शकों को फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट के ऐलान का इंतजार है।



