Laughter Chefs Season 3 के विनर बने अली गोनी-जन्नत जुबैर,अली ने दूसरी बार जीती ट्रॉफी

दिल्ली। कुकिंग के साथ कॉमेडी और मस्ती का तड़का लगाने वाले रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ्स: अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट सीजन 3’ (Laughter Chefs Season 3) का खिताब अली गोनी और जन्नत जुबैर की जोड़ी ने अपने नाम कर लिया है।
26 जुलाई को हुए ग्रैंड फिनाले में दोनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। शो में कई हफ्तों तक चले कुकिंग चैलेंज, कॉमेडी और टीमवर्क के बाद अली-जन्नत की जोड़ी विजेता बनी।
करण-एल्विश को हराकर जीती ट्रॉफी
ग्रैंड फिनाले में अली गोनी और जन्नत जुबैर का मुकाबला करण कुंद्रा और एल्विश यादव की जोड़ी से था। करण और एल्विश पूरे सीजन (Laughter Chefs Season 3) में शानदार प्रदर्शन करने वाली जोड़ियों में शामिल रहे और कई बार सबसे ज्यादा पॉइंट्स हासिल किए। हालांकि फिनाले में अली-जन्नत ने उन्हें पीछे छोड़ते हुए सीजन 3 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
जन्नत ने कहा- शो से जुड़ा हर व्यक्ति विनर
जीत के बाद जन्नत जुबैर ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ‘लाफ्टर शेफ्स’ (Laughter Chefs Season 3) उन यूनिक शोज में से है, जिसमें सिर्फ एक विनर नहीं होता। भले ही ट्रॉफी उन्होंने और अली ने जीती है, लेकिन शो से जुड़ा हर व्यक्ति उनके लिए विनर है। जन्नत ने कहा कि सभी ने साथ मिलकर एक-दूसरे की सफलता का जश्न मनाया, खूब हंसे और आगे बढ़े। यही साथ मिलकर काम करने की भावना इस सफर को खास बनाती है।
अली गोनी ने दूसरी बार जीता शो
अली गोनी के लिए यह जीत खास है, क्योंकि उन्होंने ‘लाफ्टर शेफ्स’ की ट्रॉफी दूसरी बार अपने नाम की है। इससे पहले उन्होंने सीजन 1 में राहुल वैद्य के साथ मिलकर जीत हासिल की थी। वहीं सीजन 2 का खिताब करण कुंद्रा और एल्विश यादव की जोड़ी ने जीता था।
शो को भारती सिंह होस्ट करती हैं, जबकि मशहूर शेफ हरपाल सिंह सोखी इसके जज हैं। ग्रैंड फिनाले में ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की टीम और रोहित शेट्टी भी नजर आए।

