कांकेर में मलेरिया का कहर: 24 घंटे में 2 बच्चों की मौत, 10 पॉजिटिव; 2 रायपुर रेफर

कांकेर। जिले में मलेरिया ( Malaria) का प्रकोप एक बार फिर चिंता बढ़ा रहा है। महज 24 घंटे के भीतर दो बच्चों की मौत से स्वास्थ्य व्यवस्था और छात्रावासों में मच्छरजनित बीमारी से बचाव के इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।
मर्दापोटी और इरादाह छात्रावास में जांच के दौरान 10 बच्चे मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
दोनों छात्रावासों में संक्रमित मिले बच्चों में से तीन को एमसीएच अस्पताल कांकेर ( Malaria) में भर्ती कराया गया था। इनमें चौथी कक्षा के छात्र सुभाष की रविवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं गंभीर हालत में विक्रम मंडावी और तामेश्वर भास्कर को रायपुर भेजा गया है। बाकी सात संक्रमित बच्चों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
छात्रावासों में बढ़ाई निगरानी
मलेरिया के मामले सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित छात्रावासों में निगरानी बढ़ा दी है। बच्चों की जांच, उपचार और स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है। साथ ही मलेरिया की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
जिले के छात्रावासों में बच्चों के बीच मलेरिया ( Malaria) संक्रमण फैलने से अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच छात्रावासों में साफ-सफाई, मच्छर नियंत्रण और समय पर स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग का फोकस अब संक्रमित बच्चों के उपचार के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों में संक्रमण की पहचान और बीमारी को फैलने से रोकने पर है। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

