रायपुर में भीषण आग: ऑक्टोपस बार समेत 4 दुकानें जलीं, हार्डवेयर शॉप से फैली लपटें

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में मंगलवार देर रात करीब 1 बजे भीषण आग (fire) लग गई।
आग की शुरुआत एक हार्डवेयर दुकान से हुई और देखते ही देखते आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इनमें ऑक्टोपस बार भी शामिल है।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास खड़ी कुछ गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
13 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग (fire) लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर बुलाया गया। करीब 13 दमकल गाड़ियां आग बुझाने के लिए पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटे तक मशक्कत की।
तेज बारिश के बावजूद आग पर काबू पाने में काफी परेशानी हुई। सुबह तक आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में आग हार्डवेयर की दुकान से शुरू होने की बात सामने आई है। इसके बाद लपटें तेजी से आसपास की दुकानों तक पहुंच गईं। आग इतनी भीषण थी कि दुकानें देखते ही देखते जलने लगीं।
ऑक्टोपस बार समेत 3 दुकानों को भारी नुकसान
पुलिस के अनुसार आग (fire) से ऑक्टोपस बार समेत आसपास की तीन अन्य दुकानों को भी भारी नुकसान हुआ है। दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। आसपास खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अभी नुकसान का पूरा आकलन नहीं किया गया है।
आग लगने के दौरान इलाके में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। राहत की बात यह रही कि फिलहाल किसी जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।
आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं
पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हार्डवेयर दुकान में आग किस वजह से लगी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है। नुकसान का विस्तृत आकलन जांच पूरी होने के बाद सामने आएगा।

