पुलिस एकेडमी में महिला IPS के साथ यौन उत्पीड़न, हत्या की कोशिश की साथी अफसर ने

हैदराबाद। सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस एकेडमी (SVPNPA) में एक महिला ट्रेनी IPS अधिकारी से कथित यौन उत्पीड़न के मामले में बड़ा मोड़ आया है। पुलिस ने आरोपी ट्रेनी आईपीएस अधिकारी के खिलाफ अब रेप और हत्या की कोशिश की धाराएं भी जोड़ दी हैं। आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में चंचलगुडा सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।
यह मामला तब सामने आया जब 30 वर्षीय महिला IPS ट्रेनी ने अपने 33 वर्षीय साथी अधिकारी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, चाकू दिखाकर धमकाने और निजता का उल्लंघन करने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर अट्टापुर पुलिस ने पहले विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। बाद में महिला के विस्तृत बयान और जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) (रेप) और धारा 109 (हत्या की कोशिश) भी जोड़ी गई।
गर्दन में मिले निशान
पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में महिला अधिकारी की गर्दन पर गला घोंटने के निशान और पैर पर खरोंच के निशान मिले हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट शिकायत के कुछ आरोपों की प्रथम दृष्टया पुष्टि करती है। इसी आधार पर मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाई गई हैं।
राजेंद्रनगर के डीसीपी एस. श्रीनिवास के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता की पहचान वर्ष 2025 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बाद में दोनों के बीच संबंध बने, लेकिन प्रशिक्षण के दौरान आरोपी के व्यवहार में आक्रामकता, भावनात्मक दबाव, आत्महत्या की धमकियां, हथियार दिखाना और लगातार प्रताड़ित करने जैसी घटनाएं सामने आईं। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने महिला का लैपटॉप भी तोड़ा था।
महिला आईपीएस की शादी के बाद भी करता था परेशान
जांच के अनुसार, महिला IPS अधिकारी ने कथित प्रताड़ना से परेशान होकर संबंध समाप्त कर लिया और बाद में किसी अन्य व्यक्ति से विवाह कर लिया। इसके बाद भी आरोपी द्वारा परेशान किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। आरोपी पर लगे आरोपों की सत्यता का अंतिम फैसला अदालत में सुनवाई और जांच पूरी होने के बाद ही होगा।

