स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे ने रचा इतिहास: भारत में पहले दिन 60 करोड़ से ज्यादा कमाई, ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ का रिकॉर्ड टूटा

मुंबई। हॉलीवुड सुपरहीरो फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ (Spider-Man) ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। स्पाइडर-मैन के प्रति भारतीय दर्शकों की दीवानगी एक बार फिर देखने को मिली। फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन ऐसी कमाई की है, जिसने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं।
टॉम हॉलैंड स्टारर इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह था। भारत में इंटरनेशनल रिलीज से एक दिन पहले यानी 30 जुलाई को फिल्म सिनेमाघरों में पहुंची। रिलीज के साथ ही थिएटरों में भारी भीड़ देखने को मिली और फिल्म ने शानदार ओपनिंग दर्ज की।
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के अनुसार, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ (Spider-Man) ने भारत में पहले दिन करीब 60.60 करोड़ रुपए की कमाई की है। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 72.44 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। इस कमाई के साथ यह फिल्म भारत में साल की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।
छह भाषाओं में रिलीज की गई फिल्म
फिल्म को भारत में छह भाषाओं- इंग्लिश, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज किया गया है। हिंदी और इंग्लिश दर्शकों के बीच फिल्म को सबसे ज्यादा पसंद किया गया।
भाषा के हिसाब से फिल्म की कमाई में इंग्लिश से करीब 32.25 करोड़ रुपए और हिंदी से करीब 22 करोड़ रुपए का योगदान रहा। तमिल और तेलुगु में भी फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन किया।
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने हॉलीवुड (Spider-Man) की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ के भारतीय ओपनिंग रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। इससे पहले ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ ने भारत में करीब 65 करोड़ रुपए के ग्रॉस कलेक्शन के साथ शानदार शुरुआत की थी।
चर्चित फिल्मों की ओपनिंग कमाई को पीछे छोडा
फिल्म ने क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ जैसी चर्चित फिल्म की ओपनिंग कमाई को भी पीछे छोड़ दिया है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर स्पाइडर-मैन की यह सफलता एक बार फिर साबित करती है कि सुपरहीरो फिल्मों का क्रेज देश में लगातार बढ़ रहा है।

