असम बाढ़ में फंसी देवोलीना भट्टाचार्जी की मां, एक्ट्रेस ने वीडियो शेयर कर बयां की चिंता

मुंबई। असम में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ ने कई इलाकों में हालात बेहद खराब कर दिए हैं। बाढ़ के चलते कई लोगों की जान जा चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग प्रभावित क्षेत्रों में फंसे हुए हैं।
इस प्राकृतिक आपदा के बीच टीवी एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी (Devoleena Bhattacharjee) की मां भी असम में फंसी हुई हैं। मां की सुरक्षा को लेकर देवोलीना काफी परेशान हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपनी चिंता जाहिर की।
वीडियो में नजर आई भावुक
देवोलीना ने बताया कि वह अब तक इसलिए चुप थीं, क्योंकि उन्हें डर था कि अपनी भावनाओं को संभाल नहीं पाएंगी। वीडियो में एक्ट्रेस काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि असम उनके लिए सिर्फ एक जगह नहीं, बल्कि उनका अपना घर है। उनका जन्म वहीं हुआ और उनकी पढ़ाई-लिखाई भी वहीं हुई है।
नानी-मौसी का घर पानी में डूबा
असम में बाढ़ की स्थिति पर बात करते हुए देवोलीना (Devoleena Bhattacharjee) ने बताया कि उनकी मां नाजिरा में फंसी हुई हैं। हालांकि, उन्होंने राहत की बात यह बताई कि जिस जगह उनका पुराना घर है, वहां बाढ़ का असर ज्यादा नहीं हुआ है। लेकिन उनकी नानी और मौसी का घर पूरी तरह पानी में डूब चुका है और काफी नुकसान हुआ है।
एक्ट्रेस ने अपनी मजबूरी बताते हुए कहा कि वह चाहकर भी असम नहीं जा पा रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर वह अकेली होतीं तो शायद तुरंत वहां पहुंच जातीं, लेकिन उनके साथ छोटा बच्चा है। ऐसे हालात में वहां जाकर वह ज्यादा मदद नहीं कर पाएंगी, यही बात उन्हें सबसे ज्यादा परेशान कर रही है।
बाढ़ प्रभावितों के लिए चिंता जताई
वीडियो में अपनी बात रखते हुए देवोलीना (Devoleena Bhattacharjee) की आंखों से आंसू निकल आए। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए चिंता जताई और अपनी मां की सुरक्षा को लेकर भावुक हो गईं। वीडियो देखने के बाद उनके फैंस ने उन्हें हिम्मत रखने और मुश्किल समय में मजबूत बने रहने की सलाह दी है।

