सरकारी स्कूल में बच्चों को दिखाई गई A सर्टिफाइड फिल्म ‘धुरंधर’, वीडियो वायरल होने के बाद मचा बवाल

भोपाल। मध्य प्रदेश के मैहर जिले के एक सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्रों को एडल्ट फिल्म ‘धुरंधर’ (Dhurandhar) दिखाए जाने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
31 जुलाई का है वीडियो
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो 31 जुलाई (Dhurandhar) का बताया जा रहा है। वीडियो में स्कूल के क्लासरूम में लगी डिजिटल एलईडी स्क्रीन पर फिल्म का एक दृश्य चल रहा है, जिसे अलग-अलग कक्षाओं के छात्र देख रहे हैं। यह एलईडी स्क्रीन सरकार की डिजिटल शिक्षा योजना के तहत पढ़ाई को बेहतर बनाने के उद्देश्य से स्कूल में लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय एक गेस्ट टीचर भी वहां मौजूद थे।
सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद पकड़ा तूल
रविवार को वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से तूल पकड़ गया। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिक्षा के लिए उपलब्ध कराए गए डिजिटल संसाधनों का दुरुपयोग किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बच्चों को वयस्कों के लिए प्रमाणित फिल्म दिखाना न केवल गंभीर लापरवाही है, बल्कि इससे विद्यार्थियों के मानसिक विकास पर भी गलत असर पड़ सकता है।
एक ग्रामीण ने शिकायत में कहा कि डिजिटल बोर्ड का उद्देश्य छात्रों की पढ़ाई को आधुनिक बनाना था, लेकिन उसका उपयोग पढ़ाई से असंबंधित और अनुपयुक्त सामग्री दिखाने के लिए किया गया, जो बेहद चिंताजनक है।
डीईओ ने दिया जांच का निर्देश
मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने (Dhurandhar) कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी शिक्षक या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और वीडियो की सत्यता के साथ जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

