Business

ITR रिफंड नहीं आया? जानिए कितने दिन लगता है पैसा आने में और देरी होने की वजह

नई दिल्ली: अगर आपने समय पर इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल कर दिया है, लेकिन अब तक आपके खाते में टैक्स रिफंड नहीं आया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आमतौर पर रिफंड आने में 4 से 5 सप्ताह का समय लग सकता है। हालांकि, कुछ तकनीकी या दस्तावेजी कारणों से इसमें देरी भी हो सकती है।

जब कोई टैक्सपेयर्स TDS, TCS, एडवांस टैक्स या सेल्फ असेसमेंट टैक्स के रूप में अपनी वास्तविक टैक्स देनदारी से अधिक राशि जमा कर देता है, तो अतिरिक्त रकम इनकम टैक्स रिफंड के रूप में वापस की जाती है। रिटर्न की जांच पूरी होने के बाद आयकर विभाग रिफंड जारी करता है।

रिफंड आने में कितना समय लगता है?

रिफंड की प्रक्रिया ITR के ई-वेरिफिकेशन के बाद शुरू होती है। आयकर विभाग के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में बैंक खाते में रिफंड आने में लगभग 4 से 5 सप्ताह लग सकते हैं। यदि इससे अधिक समय हो जाए, तो रिफंड का स्टेटस जरूर जांचना चाहिए।

रिफंड पाने के लिए जरूरी शर्तें

रिफंड प्राप्त करने के लिए कुछ जरूरी बातें सही होना आवश्यक है:

e-फाइलिंग अकाउंट सक्रिय हो।

PAN और Aadhaar लिंक हों।

ITR सही तरीके से दाखिल किया गया हो।

रिटर्न में रिफंड का दावा किया गया हो।

बैंक खाता सही और प्री-वैलिडेटेड हो।

किन कारणों से रिफंड अटक सकता है?

रिफंड में देरी के पीछे कई वजहें हो सकती हैं, जैसे:

बैंक खाता संख्या या IFSC कोड गलत होना।

PAN निष्क्रिय होना।

बैंक खाता प्री-वैलिडेट न होना।

बैंक खाते का नाम PAN से मेल न खाना।

रिटर्न में दिया गया बैंक खाता बंद, निष्क्रिय या फ्रीज होना।

बैंक की तकनीकी समस्या।

पिछले वर्षों की टैक्स देनदारी के साथ रिफंड का समायोजन।

ITR, TDS या आय संबंधी जानकारी में विसंगति मिलने पर जांच लंबित होना।

रिफंड नहीं मिले तो क्या करें?

अगर 4 से 5 सप्ताह बीतने के बाद भी रिफंड नहीं मिला है, तो सबसे पहले आयकर विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर अपना रिफंड स्टेटस जांचें। साथ ही रजिस्टर्ड ईमेल और मोबाइल पर आए SMS या ईमेल भी देखें। यदि विभाग ने किसी जानकारी या दस्तावेज के लिए नोटिस भेजा है, तो उसका समय पर जवाब देना जरूरी है। ऐसा नहीं करने पर रिफंड में और देरी हो सकती है या उसे पुराने टैक्स बकाया के साथ समायोजित किया जा सकता है।

 

Follow Us on Our Social Media

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button