दारुल उलूम की छात्रों को सलाह, कांवड़ यात्रा मार्ग और भीड़भाड़ वाले इलाकों से रहें दूर

सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित दारुल उलूम देवबंद ने अपने छात्रों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। संस्थान ने छात्रों से अपील की है कि वे कांवड़ यात्रा मार्ग, जीटी रोड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बिना किसी जरूरी काम के जाने से बचें। साथ ही केवल अत्यावश्यक स्थिति में ही कैंपस से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
छात्रों की सुरक्षा के लिए जारी किए गए निर्देश
संस्थान की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि यदि किसी छात्र को यात्रा करनी आवश्यक हो तो वह केवल आरक्षित रेलवे कोच में ही सफर करे और हर समय संस्थान का पहचान पत्र अपने साथ रखे। एडवाइजरी के अनुसार, सूर्यास्त के बाद बिना पहचान पत्र दिखाए किसी भी छात्र को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
हॉस्टल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और परिसर में अनुशासन बनाए रखना है।
स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई का सहारा
कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के कारण गाजियाबाद में 4 से 12 अगस्त तक शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के प्रशासनिक आदेश के बाद कई निजी स्कूलों ने ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी हैं। ट्रैफिक डायवर्जन और सड़क बंद होने के कारण स्कूल बसों का संचालन प्रभावित होने से यह फैसला लिया गया है।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि लगातार अवकाश और अन्य कारणों से पहले ही शैक्षणिक सत्र प्रभावित रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई का नुकसान कम करने के लिए ऑनलाइन माध्यम से कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

