नानी की ‘द पैराडाइज’ का दमदार टीजर रिलीज, खौफनाक अवतार और एक्शन ने बढ़ाया उत्साह

साउथ सिनेमा के अभिनेता नानी और निर्देशक श्रीकांत ओडेला की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द पैराडाइज’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। फिल्म के पहले टीजर में नानी अपने अब तक के सबसे अलग और आक्रामक अंदाज में नजर आ रहे हैं। करीब 1 मिनट 42 सेकेंड के इस टीजर में दमदार एक्शन, गहरे बैकग्राउंड और संघर्ष की कहानी की झलक दिखाई गई है, जिसे दर्शकों की ओर से सोशल मीडिया पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
1980 के सिकंदराबाद की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी
फिल्म की कहानी 1980 के दशक के सिकंदराबाद की झुग्गी-झोपड़ियों और वहां रहने वाले शोषित वर्ग के संघर्ष पर आधारित है। टीजर की शुरुआत एक गंभीर वॉयसओवर से होती है, जिसमें पहचान और अधिकार को लेकर सवाल उठाए जाते हैं। नानी फिल्म में ‘जाडल’ नाम के किरदार में दिखाई देंगे, जो अन्याय के खिलाफ अपने लोगों की आवाज बनकर एक बड़े आंदोलन का नेतृत्व करता है। फिल्म का गहरा और रॉ माहौल इसकी कहानी को और प्रभावशाली बनाता है।
खलनायक के रूप में राघव जुयाल, 8 भाषाओं में होगी रिलीज
टीजर में अभिनेता राघव जुयाल की भी झलक दिखाई गई है, जो फिल्म में ‘विक्रम मालिक’ नाम के मुख्य खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं। नानी और राघव के बीच जबरदस्त टकराव फिल्म का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है। इसके अलावा मोहन बाबू और कायाडू लोहार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘द पैराडाइज’ का निर्माण एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले किया गया है और यह फिल्म 24 सितंबर 2026 को तेलुगु, हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, अंग्रेजी और स्पेनिश सहित कुल आठ भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



