Follow Us on Our Social Media
BilaspurChhattisgarh

छत्तीसगढ़ में LPG उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, बुकिंग के 3 घंटे में घर पहुंचेगा सिलेंडर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के LPG उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब गैस सिलेंडर बुक करने के बाद लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इंडियनऑयल ने बिलासपुर में 10 किलो के फ्री ट्रेड LPG यानी FTL कंपोजिट सिलेंडर की एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा शुरू की है।

कंपनी के मुताबिक, ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद सिलेंडर की डिलीवरी अधिकतम 3 घंटे के भीतर कर दी जाएगी। फिलहाल यह सुविधा बिलासपुर में शुरू की गई है। रायपुर के बाद बिलासपुर इस सेवा से जुड़ने वाला प्रदेश का दूसरा प्रमुख शहर बन गया है।ऑनलाइन बुकिंग, 3 घंटे में डिलीवरी

इस सुविधा का फायदा लेने के लिए उपभोक्ता Blinkit, IndianOil ONE ऐप और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। बुकिंग के दौरान उपभोक्ता अपनी सुविधा के हिसाब से डिलीवरी का समय भी चुन सकेंगे।

इससे खासकर नौकरीपेशा लोगों और व्यस्त रहने वाले उपभोक्ताओं को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल 4 एजेंसियों से शुरू हुई सुविधा

बिलासपुर में इस सेवा की शुरुआत फिलहाल चार चयनित इंडेन गैस एजेंसियों से की गई है। इनमें शारदा गैस सर्विस, महामाया इंडेन, साई प्रसाद गैस और वर्तिका इंडेन शामिल हैं।

शुरुआत में इन्हीं एजेंसियों के जरिए 10 किलो के कंपोजिट सिलेंडर की बुकिंग और डिलीवरी होगी। कंपनी का कहना है कि उपभोक्ताओं की मांग और प्रतिक्रिया के आधार पर आगे इस सुविधा का विस्तार दूसरे क्षेत्रों में भी किया जा सकता है।

लोहे के सिलेंडर से हल्का है कंपोजिट सिलेंडर

10 किलो का कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की तुलना में हल्का बताया गया है। कम वजन होने के कारण इसे महिलाएं, बुजुर्ग और अकेले रहने वाले लोग भी आसानी से उठा सकते हैं।

कंपोजिट सामग्री से बने होने के कारण इसमें जंग लगने की समस्या भी नहीं होती। इसे घर में आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है।

नया कनेक्शन और रिफिल की कीमत कितनी?

इंडियनऑयल के मुताबिक, 10 किलो के कंपोजिट सिलेंडर के नए कनेक्शन के लिए 3,186 रुपये की सिक्योरिटी राशि निर्धारित है। वहीं एक रिफिल की कीमत करीब 715 से 730 रुपये के बीच बताई गई है।

नया कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ता को वैध पहचान पत्र देना होगा।

ऐसे करें गैस सिलेंडर की बुकिंग

अगर आप इस सुविधा का फायदा लेना चाहते हैं तो Blinkit, IndianOil ONE ऐप या कंपनी की वेबसाइट के जरिए 10 किलो के कंपोजिट सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।

फिलहाल यह सुविधा सिर्फ बिलासपुर की चयनित एजेंसियों के लिए है। कंपनी का दावा है कि बुकिंग के अधिकतम 3 घंटे के भीतर सिलेंडर घर तक पहुंचा दिया जाएगा।

अब देखना होगा कि उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया के बाद इस एक्सप्रेस डिलीवरी सुविधा को छत्तीसगढ़ के दूसरे शहरों में कब तक शुरू किया जाता है।

 

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button