Follow Us on Our Social Media
BastarChhattisgarh

बस्तर के रुद्र प्रताप अब दक्षिण अफ्रीका में बरपाएंगे कहर, 140 KM की रफ्तार से गेंदबाजी कर जीती पर्पल कैप

बस्तर-छत्तीसगढ़ के बस्तर से निकलकर क्रिकेट की दुनिया में अपनी तेज रफ्तार का जलवा दिखाने वाले रुद्र प्रताप देहारी ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दंतेवाड़ा जिले के धुर नक्सल प्रभावित रहे कटेकल्याण के रहने वाले रुद्र का चयन आईपीएल की सफल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस की रिलायंस-1 टीम में हुआ है। अब रुद्र अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और क्रिकेट एक्सपोजर के लिए दक्षिण अफ्रीका रवाना होंगे। वे 10 अगस्त को टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका जाएंगे।

बस्तर के रुद्र अब दक्षिण अफ्रीका में दिखाएंगे तेज गेंदबाजी का दम

रुद्र इस टीम में जगह बनाने वाले छत्तीसगढ़ के पहले खिलाड़ी बताए जा रहे हैं। उनके चयन के बाद बस्तर से लेकर पूरे छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

140 KM की रफ्तार बनी पहचान

रुद्र प्रताप देहारी अपनी 140 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार वाली तेज गेंदबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। हाल ही में छत्तीसगढ़ प्रीमियर लीग में उन्होंने बिलासपुर बुल्स का प्रतिनिधित्व किया था। टूर्नामेंट में रुद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 विकेट अपने नाम किए और पर्पल कैप पर कब्जा जमाया।

उनकी इसी तेज गेंदबाजी और प्रभावी प्रदर्शन ने मुंबई इंडियंस के स्काउट्स और रिलायंस मैनेजमेंट का ध्यान खींचा। इसके बाद उन्हें डेवलपमेंट स्क्वॉड में शामिल किया गया।

CPL में 15 विकेट, रुद्र ने अपने नाम की पर्पल कैप

रुद्र की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने बेहद सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर क्रिकेट के बड़े मंच तक का सफर तय किया है।

चार साल पहले मां के साथ पहुंचे थे क्रिकेट इंस्टीट्यूट

करीब चार साल पहले रुद्र अपनी मां के साथ बस्तर इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिकेट, कालीपुर पहुंचे थे। अकादमी संचालक प्रदीप गुहा के मुताबिक उस वक्त रुद्र काफी दुबले-पतले थे, लेकिन क्रिकेट और खासकर तेज गेंदबाजी को लेकर उनका जुनून साफ दिखाई देता था।

जब रुद्र ने पहली बार ड्यूज बॉल से टर्फ विकेट पर गेंदबाजी की, तो उनकी गति ने प्रशिक्षकों को चौंका दिया। उनकी असली क्षमता जानने के लिए करीब 50 हजार रुपये की स्पीड मशीन खरीदी गई। अभ्यास के दौरान रुद्र ने करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार दर्ज कराई।

इसके बाद शुरू हुआ रुद्र की मेहनत और सफलता का सफर।

अंडर-19 से NCA और CK नायडू ट्रॉफी तक सफर

लगातार करीब डेढ़ साल की मेहनत के बाद रुद्र ने बस्तर संभाग की अंडर-19 टीम में जगह बनाई। इसके बाद उनका चयन छत्तीसगढ़ अंडर-19 टीम में हुआ, जहां उन्होंने कूच बिहार ट्रॉफी और वीनू मांकड़ ट्रॉफी में लगातार दो साल हिस्सा लिया।

बेहतरीन प्रदर्शन के चलते उनका चयन नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) के लिए भी हुआ।

इसके बाद रुद्र ने अंडर-23 स्तर पर सीके नायडू ट्रॉफी में अपनी तेज गेंदबाजी का दम दिखाया। लगातार बेहतर प्रदर्शन ने उन्हें उस मुकाम तक पहुंचाया, जहां अब उन्हें मुंबई इंडियंस के रिलायंस सेटअप में विश्वस्तरीय सुविधाओं और विशेषज्ञ कोचों के बीच प्रशिक्षण लेने का मौका मिलेगा।

नक्सल प्रभावित इलाके से निकला तेज गेंदबाज, अब इंटरनेशनल ट्रेनिंग की तैयारी

बस्तर के लिए बड़ी उपलब्धि

रुद्र प्रताप की यह उपलब्धि सिर्फ उनके परिवार या दंतेवाड़ा जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।

जिस इलाके की पहचान लंबे समय तक नक्सल हिंसा और पिछड़ेपन से जुड़ी खबरों से होती रही, वहीं से निकलकर एक युवा क्रिकेटर अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के माहौल में ट्रेनिंग लेने जा रहा है।

दक्षिण अफ्रीका में रुद्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट एक्सपोजर के साथ आधुनिक ट्रेनिंग सुविधाओं और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का फायदा मिलेगा।

 

Follow Us on Our Social Media

Shruti Jangde

With over 6 years of experience in the media industry, I specialize in news anchoring, copywriting, and digital journalism. I cover a wide range of news, delivering accurate, unbiased, and fact-based reporting. Passionate about bringing the truth to the public, I am committed to ethical journalism and credible storytelling. My goal is to inform, inspire, and make a meaningful impact through responsible reporting.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button