Follow Us on Our Social Media
Entertainment

‘FIR’ फेम एक्टर ईश्वर ठाकुर की हालत नाजुक, 9वीं बार अस्पताल में भर्ती; इलाज के लिए परिवार ने मांगी आर्थिक मदद

मुंबई। टीवी के पॉपुलर सीरियल ‘FIR’ और ‘भाबीजी घर पर हैं’ में काम कर चुके अभिनेता ईश्वर ठाकुर की तबीयत इन दिनों गंभीर बताई जा रही है। अभिनेता को इलाज के लिए 9वीं बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके परिवार के मुताबिक, लंबे समय से चल रहे इलाज में उनकी जमा पूंजी खत्म हो चुकी है और अब परिवार को आर्थिक मदद की जरूरत है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, ईश्वर ठाकुर कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनकी बहन जयश्री ने अभिनेता की तबीयत के बारे में जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्हें डायबिटीज है और कुछ साल पहले पैर में हुए घाव के बाद उनकी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ती चली गईं।

2020 में पैर में हुए घाव से शुरू हुई परेशानी

ईश्वर ठाकुर की बहन के मुताबिक, साल 2020 में उनके पैर में एक घाव हुआ था। डायबिटीज की वजह से घाव ठीक से नहीं भर पाया और बाद में गंभीर संक्रमण में बदल गया। इसके बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति लगातार बिगड़ती गई।

परिवार का कहना है कि वर्तमान में अभिनेता को किडनी और लिवर से जुड़ी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। उनकी बहन के अनुसार, शरीर के कई अंगों से संबंधित परेशानियां सामने आई हैं।

9वीं बार अस्पताल में भर्ती

जयश्री ने बताया कि ईश्वर ठाकुर उनके बड़े भाई हैं और यह 9वीं बार है जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि परिवार के पास इलाज के लिए जो भी आर्थिक संसाधन थे, वे खर्च हो चुके हैं।

परिवार के मुताबिक, इलाज का खर्च उठाने के लिए उन्हें अपना घर तक बेचना पड़ा। फिलहाल जयश्री और उनके पति अभिनेता की देखभाल कर रहे हैं।

परिवार ने मांगी आर्थिक मदद

ईश्वर ठाकुर की बहन ने बताया कि अब परिवार के सामने आगे के इलाज का खर्च जुटाने की चुनौती है। उन्होंने कहा कि उनकी मां भी हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं और उनकी जिम्मेदारी भी परिवार पर है।

जयश्री के मुताबिक, उन्होंने हाल ही में ईश्वर से बात की थी। अभिनेता ने उनसे कहा कि वह अपनी बीमारियों से लड़ना चाहते हैं। परिवार ने लोगों से इलाज जारी रखने के लिए आर्थिक मदद की अपील की है।

 

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button