छत्तीसगढ़ में सीमांकन आवेदन की प्रक्रिया होगी पूरी तरह ऑनलाइन, ई-कोर्ट के तहत ऑनलाइन मॉड्यूल लाइव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जमीन के सीमांकन के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन की जा रही है। ई-कोर्ट के तहत सीमांकन आवेदन के लिए तैयार किया गया ऑनलाइन मॉड्यूल लाइव कर दिया गया है। इस संबंध में आयुक्त भू-अभिलेख कार्यालय की ओर से प्रदेश के सभी कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
आयुक्त भू-अभिलेख, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि सीमांकन के लिए आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन किए जाने को लेकर पहले ही आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसी व्यवस्था के तहत ऑनलाइन मॉड्यूल के संचालन और विभिन्न स्तरों पर की जाने वाली कार्रवाई के लिए संबंधित यूजर मैनुअल भी भेजा गया है।
राजस्व अधिकारियों को नई व्यवस्था की जानकारी देने के निर्देश
सभी कलेक्टरों से कहा गया है कि संबंधित यूजर मैनुअल का अवलोकन कर जिले के राजस्व न्यायालयों, तहसीलदारों और राजस्व निरीक्षकों को नई ऑनलाइन व्यवस्था की जानकारी दें। साथ ही, ऑनलाइन मॉड्यूल के अनुरूप सीमांकन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद सीमांकन के लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया को ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा। अधिकारियों को इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया और यूजर मैनुअल के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
पूरी जानकारी के लिए नीचे दिए गए पत्र की कॉपी देखें




