Follow Us on Our Social Media
Chhattisgarh

‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम में जवानों को बांधी राखी, सीएम साय बोले- नक्सलवाद खत्म कर जवानों ने दिया बहनों को बड़ा उपहार

रायपुर। राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधी। वहीं स्कूली बच्चियों ने सीआईएसएफ, बीएसएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का उत्सव मनाया।

कार्यक्रम के दौरान मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इसके साथ ही जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया।

जवानों के बीच राखी बंधवाना अद्भुत अनुभव

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के बीच बहनों को राखी बांधते हुए देखना उनके लिए बेहद भावुक और अद्भुत अनुभव है। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई उनकी आजीवन रक्षा का संकल्प लेते हैं।

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा बलों के जवानों के साहस और पराक्रम को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष और बलिदान के कारण देश नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

‘जवानों ने बहनों को दिया बड़ा उपहार’

सीएम साय ने कहा कि नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में जवानों ने जो साहस और बलिदान दिखाया है, वह बहनों के लिए बहुत बड़ा उपहार है। उन्होंने शहीद जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा का जिक्र करते हुए कहा कि आज उन्हें एक बहन मिली है।

मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है और वे केवल भाई-भाई हैं, लेकिन आज उन्हें सगी बहन से भी बढ़कर एक बहन मिली है।

बस्तर के विकास को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण बस्तर संभाग में विकास प्रभावित रहा। अब परिस्थितियां बदल रही हैं और सरकार का लक्ष्य बस्तर में तेजी से विकास करना है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री साय ने महिला सशक्तिकरण की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। रक्षाबंधन के अवसर पर 68 लाख महिलाओं के खातों में 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए और वे आत्मनिर्भर बन सकें।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button