छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, बलरामपुर में स्कूल बंद; कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। बलरामपुर जिले में तेज बारिश के चलते आज सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। राजपुर तहसील कार्यालय में भी बारिश का पानी भर गया है।
अंबिकापुर की कुंडला वसुंधरा कॉलोनी में भी लगातार बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई है। कॉलोनी की सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
आने वाले दो दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का प्रभाव अधिक रह सकता है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रारोड में सबसे कम तापमान
प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में 2 सितंबर को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में सामान्य से 2 फीसदी कम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अब तक बारिश सामान्य के करीब रही है। प्रदेश में सामान्य से करीब 2 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। अगले दो दिनों में भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।



