Follow Us on Our Social Media
ChhattisgarhRaipur

नवा रायपुर में 16-17 सितंबर को 32वां अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन, EVM से लेकर स्थानीय चुनावों पर होगा मंथन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में 16 और 17 सितंबर को 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की मेजबानी में होने वाले इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन का उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। देशभर के विभिन्न राज्यों के राज्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन अधिकारी इसमें शामिल होंगे।

सम्मेलन में स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत करने, पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और सहभागी बनाने सहित चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

दूसरी बार छत्तीसगढ़ को मिली मेजबानी

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का आयोजन हर साल अलग-अलग राज्यों में किया जाता है। इससे पहले 2014 में भी छत्तीसगढ़ इस प्रतिष्ठित सम्मेलन की मेजबानी कर चुका है।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन में देशभर के निर्वाचन विशेषज्ञ और अधिकारी एक मंच पर आएंगे। इस दौरान स्थानीय स्तर पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और चुनाव प्रक्रिया को बेहतर बनाने से जुड़े अनुभवों का आदान-प्रदान होगा।

पंचायत और निकाय चुनावों पर विशेष चर्चा

दो दिवसीय सम्मेलन में त्रिस्तरीय पंचायतों और नगरीय निकायों के चुनाव से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा होगी। चुनाव प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समावेशी बनाने के लिए नए विचारों और तकनीकी उपायों पर मंथन किया जाएगा।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, स्थानीय लोकतंत्र देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न राज्यों के अनुभवों को साझा करना महत्वपूर्ण है।

अमेरिका के विशेषज्ञ भी होंगे शामिल

सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ भी हिस्सा लेंगे। प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी, न्यू जर्सी, अमेरिका के विशेषज्ञ निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करेंगे। इससे वैश्विक स्तर पर अपनाई जा रही चुनावी प्रक्रियाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा होगी।

EVM की नई तकनीक और सुरक्षा पर जानकारी

सम्मेलन में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से जुड़े तकनीकी विषयों पर भी विशेष सत्र होंगे। इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL), हैदराबाद और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL), बेंगलुरु के विशेषज्ञ इन सत्रों में शामिल होंगे।

विशेषज्ञ EVM की नई तकनीकी जानकारियों, सुरक्षा पहलुओं और आधुनिक तकनीकी सुधारों से संबंधित जानकारी देंगे। इससे विभिन्न राज्यों के निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली नई तकनीकों और प्रणालियों की जानकारी मिलेगी।

देशभर के निर्वाचन आयुक्त साझा करेंगे अनुभव

सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के राज्य निर्वाचन आयुक्त स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही चुनाव के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों और उनके संभावित समाधान पर भी विचार-विमर्श होगा।

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने सम्मेलन के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सम्मेलन को स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत करने और निर्वाचन प्रक्रिया में सुधार के लिए अनुभव साझा करने वाले महत्वपूर्ण मंच के तौर पर देखा जा रहा है।

 

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button